क्षेत्रीय समाचार

बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत छात्रा परिषद का गठन

पोखरी, 7 मई (राणा)। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के अंतर्गत छात्रा परिषद का गठन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत कराया गया। इस दौरान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और सहसचिव पदों के लिए चुनाव संपन्न हुए, जिसमें छात्राओं ने मतदान कर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य गम्भीर सिंह असवाल ने बताया कि छात्राओं को भारतीय लोकतंत्र की चुनावी प्रक्रिया, मतदाता अधिकारों और मतदान के महत्व की जानकारी देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। चुनाव में नामांकन, प्रचार, मतदान, मतगणना और शपथ ग्रहण जैसी सभी प्रक्रियाओं का विधिवत पालन किया गया।

अध्यक्ष पद पर कक्षा 12वीं की छात्रा कुमारी महक ने 56 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनकी प्रतिद्वंद्वी कुमारी अदिति को 18 तथा कुमारी अम्बिका को 17 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर कक्षा 11वीं की कुमारी दिया 77 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुईं, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी कुमारी साधना को 7 मत मिले।

इसी प्रकार सचिव पद पर कक्षा 10वीं की कुमारी साक्षी ने 45 मत हासिल कर विजय प्राप्त की। उनकी प्रतिद्वंद्वी कुमारी आरजू को 29 मत मिले। सहसचिव पद पर कक्षा 9वीं की कुमारी निकिता 43 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुईं। इस पद पर कुमारी मीनाक्षी को 16 तथा कुमारी कुशुम को 15 मत मिले।

निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में ईएलसी प्रभारी विजयालक्ष्मी रावत सहित रेखा पटवाल राणा, पूनम रानी नेगी, अनुराधा राणा, इन्दु आर्य, निशा, विश्वेश्वरी सजवाण और सविता राज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!