किमोठा में नि:शुल्क नेत्र शिविर आयोजित, 92 लोगों की आंखों की जांच
पोखरी, 16 मई (राणा)। न्याय पंचायत किमोठा स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र में द हंस फाउंडेशन सतपुली की ओर से आयोजित नि:शुल्क नेत्र शिविर में 92 लोगों की आंखों की जांच की गई। शिविर में जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क चश्मे एवं दवाइयां वितरित की गईं। शिविर का आयोजन किमोठा के प्रधान बाल ब्रह्मचारी हरिकृष्ण किमोठी के सौजन्य से किया गया।
शिविर में नेत्र चिकित्सक डॉ. राजदीप नेगी ने ग्रामीणों की आंखों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जांच के दौरान मोतियाबिंद एवं अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं से पीड़ित 12 मरीजों को ऑपरेशन के लिए सतपुली ले जाने की व्यवस्था भी की गई है।
इस अवसर पर प्रधान बाल ब्रह्मचारी हरिकृष्ण किमोठी ने कहा कि क्षेत्रवासियों, विशेषकर गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को घर के नजदीक उपचार की सुविधा मिल सके।
शिविर में द हंस फाउंडेशन के समन्वयक दीपक गुसाईं, सुरेंद्र पुजारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी शविता, एएनएम माधुरी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
