Front Pageआपदा/दुर्घटना

कंचनगंगा क्षेत्र में हिमस्खलन से कोई नुकसान नहीं, स्थिति पूरी तरह सामान्य : डीएम चमोली

 

गोपेश्वर, 24 मई (सूवि)। चमोली जिले के कंचनगंगा क्षेत्र में हुए हिमस्खलन को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना से किसी प्रकार की जनहानि अथवा संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में इस प्रकार की घटनाएं समय-समय पर होती रहती हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि संबंधित स्थान पर आया हिमस्खलन सड़क तक नहीं पहुंचा और खाई क्षेत्र में ही रुक गया। इसके चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी हुई है तथा आम जनजीवन पर भी कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। प्रशासन द्वारा क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है और स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर घटना को लेकर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिन पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। आमजन से अपील करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें और किसी भी अफवाह को आगे प्रसारित न करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा के दृष्टिगत संबंधित क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!