क्षेत्रीय समाचारखेल/मनोरंजन

गुनियाला इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव में संस्कृति और प्रतिभा का संगम

पोखरी, 24 मई (राणा)। आदर्श विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गुनियाला, पोखरी का तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव रविवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों के साथ उत्साहपूर्वक शुरू हो गया। विद्यालय परिसर दिनभर उत्सव के माहौल में सराबोर रहा। पारंपरिक वेशभूषा में सजे छात्र-छात्राओं ने लोकगीत, समूह नृत्य और देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग विद्यालय पहुंचे।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बदरीनाथ विधानसभा के विधायक लखपत सिंह बुटोला तथा विशिष्ट अतिथि क्षेत्र पंचायत प्रमुख राजी देवी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर संयुक्त रूप से किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना “तुषार हार धवला…” तथा स्वागत गीत “आयो रे मंगल अवसर आयो रे” प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि विधायक लखपत सिंह बुटोला ने कहा कि शिक्षा ऐसा अमूल्य धन है, जो कभी समाप्त नहीं होता। इसे जितना बांटा जाए, उतना ही बढ़ता है। उन्होंने कहा कि माता-पिता की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बच्चों में संस्कार और अनुशासन विकसित करना है। यदि अभिभावक स्वयं अच्छा आचरण अपनाएंगे तो बच्चे भी अच्छे नागरिक बनकर समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा व्यवस्था तेजी से बदल रही है। अब केवल पुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और आधुनिक तकनीक से भी जोड़ना जरूरी हो गया है। एआई तकनीक के दौर में बच्चों को नई तकनीकों की जानकारी देना समय की आवश्यकता है।
विधायक ने कहा कि देश की आजादी के बाद स्थापित वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक संस्थानों से पढ़े विद्यार्थियों ने पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि आस्था जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन आस्था के नाम पर अंधविश्वास को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए, क्योंकि अंधविश्वास समाज को पतन की ओर ले जाता है।
उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि आदर्श विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के विद्यार्थी प्रत्येक वर्ष हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में प्रदेश मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने समाज से शराब के अभिशाप को दूर करने में महिलाओं की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि माताएं शराबबंदी आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र सिंह राणा ने कहा कि बच्चों के सबसे बड़े हितैषी माता-पिता और गुरु होते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को अपने माता-पिता और शिक्षकों का सदैव सम्मान करना चाहिए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने “आज मंगलवार है चूहों को बुखार है”, “तेरा प्यार ऐसा है”, “धोखेबाज हैं”, “झुमालू”, “यूपी वाला ठुमका लगाओ” तथा “हीरो जैसा नाच के दिखाओ” जैसे गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। लोकनृत्य एवं समूह गीतों ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिए।
इस अवसर पर हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा 2026 की प्रदेश मेरिट सूची में 24वां स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा आकृति त्रिपाठी को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत प्रमुख राजी देवी, विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र सिंह राणा, विकेंद्र नेगी, हनुमंत कंडारी, करण नेगी, विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष एवं थाला बैंड वार्ड से जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा, प्रधानाचार्य कुदन सिंह नेगी, राजेश चंद्र सती, सुभाष सती, सुखदेव, संदीप, अनिता देवी, पूजा गोदियाल, सरिता रावत, नीलम रावत, संतोषी राणा, अनामिका आर्या, कुसुम राणा, ममता थपलियाल, ऊषा देवी, कुमारी निकिता, पीटीए अध्यक्ष पुष्पा देवी, आदित्यराम त्रिपाठी, विनोद गैरोला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रामकृष्ण नेगी ने किया।
इधर, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर पोखरी का वार्षिकोत्सव भी धूमधाम से शुरू हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक लखपत सिंह बुटोला तथा प्रमुख राजी देवी ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्याम सिंह शिरानी, दिनेश चौधरी, बीनू रावत, व्यवस्थापक रमेश चौधरी, पीटीए अध्यक्ष खुशहाल चौधरी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!