Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

बद्रीनाथ धाम में हाईटेक एम्बुलेंस सेवा शुरू, श्रद्धालुओं को मिलेगी त्वरित स्वास्थ्य सुविधा

 

बद्रीनाथ/ज्योतिर्मठ, 24 मई (कपरुवाण)। चारधाम यात्रा के दौरान श्री बद्रीनाथ धाम में देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक भगवान बद्रीविशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों एवं उच्च हिमालयी क्षेत्र में यात्रियों की सुरक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाए रखना प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।

इसी क्रम में नगर पंचायत बद्रीनाथ के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित एवं थानाध्यक्ष बद्रीनाथ नवनीत भंडारी के विशेष प्रयासों से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
श्री संपूर्ण देव स्थल मंदिर, जयपुर की ट्रस्टी श्रीमती अल्का पांडे के सहयोग से एक अत्याधुनिक हाईटेक एम्बुलेंस नगर पंचायत बद्रीनाथ को भेंट की गई है। यह एम्बुलेंस आपातकालीन परिस्थितियों में श्रद्धालुओं को त्वरित एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

रविवार को जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने वर्चुअल माध्यम से एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों ने इसे चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

उक्त एम्बुलेंस आधुनिक जीवनरक्षक सुविधाओं से सुसज्जित है। इसमें गंभीर मरीजों के उपचार एवं सुरक्षित परिवहन के लिए आवश्यक हाईटेक चिकित्सा उपकरण लगाए गए हैं। साथ ही एम्बुलेंस में डीप फ्रीजर मोर्चरी कम्पार्टमेंट की विशेष सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जो आपातकालीन परिस्थितियों में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

प्रारंभिक चरण में एम्बुलेंस का उपयोग गंभीर मरीजों एवं जरूरतमंद श्रद्धालुओं को हायर सेंटर तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए किया जाएगा। नगर पंचायत बद्रीनाथ द्वारा इस एम्बुलेंस का संचालन इको पर्यटक शुल्क के माध्यम से किया जाएगा, जिससे यात्रा अवधि में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाया जा सके।

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बद्रीनाथ एवं थानाध्यक्ष बद्रीनाथ ने श्री संपूर्ण देव स्थल मंदिर, जयपुर की ट्रस्टी श्रीमती अल्का पांडे का श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों की सुविधा हेतु दिए गए सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया।

चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सहायता के लिए नगर पंचायत बद्रीनाथ एवं पुलिस प्रशासन निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं, ताकि देवभूमि आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।

इस दौरान पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद उनियाल, पंडा पंचायत अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी, समस्त आश्रम प्रतिनिधि गौरव पंच भैया, साधु सुधा आश्रम के ऋषि आनंद, सदगुरू आश्रम के विनोदानंद स्वामी, मस्तनाथ आश्रम के गंगई नाथ, डॉ. निखिल कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बद्रीनाथ के नर्सिंग ऑफिसर संपूर्णानंद सहित नगर पंचायत का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!