राजनीति

राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचीं कुमारी शैलजा

 

कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान

देहरादून, 31 मई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 4 और 5 जून को प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा शनिवार को उत्तराखंड पहुंचीं। उनके साथ प्रदेश सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी मौजूद रहे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ आशारोड़ी के निकट उनका स्वागत किया। इसके बाद कुमारी शैलजा, गणेश गोदियाल तथा अन्य नेताओं ने राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत भी उनके साथ रहे।
कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के बाद कुमारी शैलजा कांग्रेस मुख्यालय पहुंचीं, जहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका उत्साहपूर्ण स्वागत किया। मुख्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को गंभीरता से ले रहे हैं। इसी उद्देश्य से उन्होंने चुनाव से काफी पहले उत्तराखंड को दो दिन का समय दिया है।
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे तथा उसी दिन पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे। इसके बाद 5 जून को देहरादून में कांग्रेस के पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे। कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा राज्य की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण है तथा इससे संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
प्रदेश प्रभारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार के भीतर समन्वय की कमी दिखाई दे रही है और जनहित के मुद्दों की लगातार उपेक्षा हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और अन्य जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर सरकार अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अल्मोड़ा की जनसभा में राज्य के ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे और जनता की आवाज बुलंद करेंगे।
कुमारी शैलजा ने कहा कि पौड़ी में होने वाला पूर्व सैनिक संवाद कार्यक्रम भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा पूर्व सैनिकों के सम्मान, अधिकारों और कल्याण के पक्ष में खड़ी रही है। राहुल गांधी स्वयं पूर्व सैनिकों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनेंगे।
उन्होंने बताया कि देहरादून में आयोजित बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, जिला एवं नगर अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों और फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधि, एआईसीसी तथा पीसीसी सदस्य शामिल होंगे। राहुल गांधी उनसे संवाद कर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे और सुझाव भी प्राप्त करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी का दौरा उत्तराखंड कांग्रेस के लिए उत्साहवर्धक अवसर है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों की सफलता के लिए पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया। बैठक को डॉ. हरक सिंह रावत और पूर्व मंत्री प्रीतम सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!