क्षेत्रीय समाचार

जीजीआईसी पोखरी के समर कैंप में छात्राओं ने जानी स्थानीय संस्कृति और नायकों की प्रेरक गाथाएं

पोखरी, 31 मई (राणा)। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में आयोजित भारतीय भाषा समर कैंप-2026 के पंचम दिवस का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। शिविर में छात्राओं को ऑडियो-वीडियो माध्यम से सामाजिक एवं बाल फिल्मों, कठपुतली शो तथा नुक्कड़ नाटकों का प्रदर्शन कर स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और लोक जीवन से परिचित कराया गया।
प्रधानाचार्य गम्भीर सिंह असवाल ने बताया कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, उत्तराखंड तथा डायट गौचर के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य छात्राओं को अपनी भाषा, संस्कृति और स्थानीय विरासत से जोड़ना है। इस अवसर पर छात्राओं को स्थानीय नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों तथा कलाकारों के जीवन से जुड़ी प्रेरक जानकारियां भी दी गईं।
शिक्षिकाओं पूनम नेगी एवं इन्दु भारती ने स्थानीय नायकों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की, जबकि गढ़वाली रैम्प वॉक के माध्यम से लोक संस्कृति और पारंपरिक वेशभूषा का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। शिक्षिकाओं रेखा पटवाल राणा एवं पुष्पा नेगी ने ‘जादुई पिटारा’ गतिविधि के अंतर्गत छात्राओं से चेन स्टोरी तैयार कराकर उनकी रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित किया।
शिविर में 20 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। समापन अवसर पर पीएम पोषण योजना के अंतर्गत छात्राओं को चैंसा-भात परोसा गया। प्रधानाचार्य ने शिविर के सफल संचालन के लिए सभी छात्राओं, शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
फोटो: भारतीय भाषा समर कैंप के दौरान विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग करती छात्राएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!