स्वच्छ बाजार की पहल: पोखरी में 150 व्यापारियों को वितरित किए गए कूड़ेदान

पोखरी, 2 जून (राणा)। नगर पंचायत पोखरी ने बाजार क्षेत्र को स्वच्छ एवं कचरा-मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंगलवार को व्यापारियों एवं होटल संचालकों को कूड़ेदान वितरित किए।
नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल एवं अधिशासी अधिकारी बीना नेगी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत पोखरी बाजार से डाकघर तक लगभग 150 व्यापारियों को प्लास्टिक के कूड़ेदान बांटे गए।
नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर बाजार के निर्माण में व्यापारियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने व्यापारियों से जैविक और अजैविक कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने तथा खुले में कूड़ा न फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुकानों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को कूड़ेदानों में एकत्र कर नगर पंचायत की कूड़ा संग्रहण गाड़ी को सौंपा जाए, जिससे बाजार क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिले।
अधिशासी अधिकारी बीना नेगी ने कहा कि केवल नगर पंचायत के प्रयासों से स्वच्छता अभियान को सफल नहीं बनाया जा सकता। इसके लिए व्यापारियों और आम नागरिकों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है। उन्होंने व्यापारियों से ग्राहकों को भी कूड़ेदान के उपयोग के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। विनायकधार से टावर कॉलोनी और पेट्रोल पंप क्षेत्र तक सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों में कूड़ेदान वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में स्वच्छता अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम में पर्यावरण पर्यवेक्षक अनुराग रावत सहित नगर पंचायत के पर्यावरण कर्मी उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन: पोखरी बाजार में स्वच्छता अभियान के तहत व्यापारियों को कूड़ेदान वितरित करते नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल एवं अधिशासी अधिकारी बीना नेगी।
