Front Page

चारधाम यात्रा पर सख्ती: रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर रहेगा प्रतिबंध

देहरादून, 2 जून। चारधाम यात्रा के बढ़ते दबाव और आगामी मानसून सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रा व्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर रात्रि 10 बजे से सुबह 4 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराया जाए। साथ ही ट्रकों और अन्य भारी वाहनों को केवल रात्रिकाल में ही संचालन की अनुमति दी जाए।

सचिवालय में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारों धामों में श्रद्धालुओं की संख्या के अनुरूप दर्शन व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाया जाए तथा इसके लिए विस्तृत एसओपी तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी धाम या पड़ाव पर क्षमता से अधिक भीड़ होने की स्थिति में होल्डिंग एरिया और प्रमुख चेक प्वाइंट्स पर यात्रियों एवं वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जहां भी श्रद्धालुओं को रोका जाए, वहां पार्किंग, भोजन, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही यात्रियों को प्रतीक्षा अवधि और आगे की व्यवस्थाओं की जानकारी भी लगातार दी जाए।

बैठक में यात्रा मार्गों पर सूचना तंत्र को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि एलईडी डिस्प्ले, सोशल मीडिया, व्हाट्सएप चैनलों और एफएम रेडियो के माध्यम से मौसम, यातायात, मार्ग अवरोध और दर्शन संबंधी अपडेट लगातार प्रसारित किए जाएं।

मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने संवेदनशील स्थलों पर जेसीबी, पोकलैंड मशीनें, एम्बुलेंस, सैटेलाइट फोन और राहत-बचाव उपकरणों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने और श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में रेट लिस्ट का अनिवार्य प्रदर्शन तथा खाद्य पदार्थों की नियमित गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा पैदल यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, शौचालयों की नियमित सफाई और केदारनाथ मार्ग पर अतिरिक्त शेड लगाने पर विशेष जोर दिया गया।

44 दिनों में 30 लाख के करीब पहुंचे यात्री

चारधाम यात्रा में इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यात्रा के शुरुआती 44 दिनों में करीब 29.85 लाख श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या लगभग 26.34 लाख थी। यानी इस बार अब तक 3 लाख से अधिक अतिरिक्त श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!