गौचर की शराब की दुकान पर ओवररेटिंग का आरोप, ग्राहकों और कर्मचारियों में तीखी नोकझोंक
– दिग्पाल गुसाईं –
गौचर, 7 जून। जनपद चमोली के गौचर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर ओवररेटिंग के आरोपों को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। शनिवार शाम ग्राहकों और दुकान कर्मचारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज और हाथापाई की नौबत आ गई।
गौरतलब है कि कुछ वर्ष पूर्व स्थानीय लोगों के भारी विरोध के बावजूद गौचर में अंग्रेजी शराब का ठेका खोला गया था। प्रारंभिक विरोध को देखते हुए दुकान को मुख्य बाजार से दूर स्थापित किया गया था, लेकिन बाद में विरोध की तीव्रता कम होने पर इसे बाजार के पीछे स्थानांतरित कर दिया गया। अब नई आबकारी नीति के तहत शराब की दुकान को राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे मुख्य बाजार क्षेत्र में संचालित किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान का वर्तमान स्थान अत्यंत संवेदनशील है। इसी मार्ग से स्कूली छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं तथा ग्रामीण महिलाएं भी खेती-किसानी के कार्यों के लिए इसी रास्ते का उपयोग करती हैं। ऐसे में दुकान पर लगने वाली लंबी कतारें और आए दिन होने वाले विवाद सामाजिक वातावरण को प्रभावित कर रहे हैं।
विवाद उस समय सार्वजनिक रूप से सामने आया जब कुछ ग्राहकों ने शराब की निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने का आरोप लगाया। उपभोक्ता चंद्रपाल ने बताया कि 175 रुपये मूल्य का पव्वा 190 रुपये में बेचा जा रहा था। विरोध करने पर दुकान कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और मारपीट की कोशिश की।
स्थानीय निवासी नारायण बहादुर, सुरेंद्र कुमार और प्रकाश ने भी आरोप लगाया कि हाफ और फुल बोतलों पर 20 रुपये तक अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है। उनका कहना है कि शिकायत करने पर ग्राहकों को धमकियां दी जाती हैं।
इस संबंध में ठेका स्वामी मुकेश गुनसोला ने पहले मामले की जानकारी होने से इंकार किया, लेकिन बाद में कहा कि यदि कोई गड़बड़ी कर रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उधर, आबकारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मामले की जांच कराने का आश्वासन देते हुए कहा कि यदि ओवररेटिंग की शिकायत सही पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया गया तो इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में फिर से जनआंदोलन खड़ा हो सकता है।
