भाजपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, 2027 चुनाव की तैयारियों में जुटा उक्रांद
-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 7 जून। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के वरिष्ठ नेताओं ने पिंडर घाटी का दौरा कर आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों का शंखनाद किया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 में प्रदेश में उक्रांद की सरकार बनेगी। साथ ही उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर राज्य के संसाधनों के दोहन तथा विकास की उपेक्षा का आरोप लगाया।
रविवार को केदारबगड़ स्थित उक्रांद कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी ने कहा कि उत्तराखंड के जल, जंगल और जमीन पर प्रदेशवासियों का पहला अधिकार होना चाहिए। उन्होंने गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाए जाने की मांग दोहराते हुए कहा कि पहाड़ की राजधानी पहाड़ में होने से ही पर्वतीय क्षेत्रों का समग्र विकास संभव है।
उक्रांद महिला प्रकोष्ठ की केंद्रीय अध्यक्ष कर्नल संतोष भंडारी ने प्रदेश सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीवीआईपी के नाम का अब तक खुलासा नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बेरोजगारी और पलायन जैसे ज्वलंत मुद्दों पर बदलाव चाहती है। उनका दावा था कि वर्ष 2027 में प्रदेश की जनता उक्रांद को पूर्ण बहुमत देकर सत्ता में लाएगी।
पूर्व राज्य आंदोलनकारी एवं उक्रांद नेता भूपाल सिंह गुंसाई ने भाजपा और कांग्रेस पर प्रदेश की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि थराली और नंदानगर क्षेत्र में आपदाओं से क्षतिग्रस्त कई पुलों और सड़कों का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने आपदा प्रभावितों को पर्याप्त मुआवजा न मिलने का भी आरोप लगाया।
बैठक में विधानसभा चुनाव-2027 की रणनीति और संगठन विस्तार पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर थराली ब्लॉक अध्यक्ष पंकज सिंह नेगी, देवाल ब्लॉक अध्यक्ष हेमचंद्र मिश्रा, दर्शन सिंह शाह, मोहन राम आर्य, प्रकाश राम, जिलाध्यक्ष जमन सिंह मनेशा, पूजा शर्मा, मुन्नी देवी, सोनी बोरा, प्रेम सिंह, नरेंद्र गड़िया, आशीष बिष्ट, नगर अध्यक्ष किशोर सिंह रावत, यूथ विंग अध्यक्ष प्रियकृष्णा रावत, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष पृथ्वी सिंह नेगी तथा यशपाल सिंह नेगी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
