क्राइमपर्यावरण

खोह नदी में खनन गतिविधियों से बढ़ी स्थानीय लोगों की चिंता

 

कोटद्वार, 13 जून (राजेन्द्र शिवाली)। स्थानीय पूर्वी खोह नदी क्षेत्र में संचालित खनन गतिविधियों को लेकर आसपास के निवासियों में चिंता बढ़ रही है। गाड़ासेतु गंज क्षेत्र में पुल के ऊपर और नीचे नदी तल में व्यापक खनन कार्य होने के कारण कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बनने की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ स्थानों पर नदी किनारों के समीप भी खनन किया गया है, जिससे आगामी मानसून के दौरान कटाव बढ़ने और आसपास की भूमि तथा आवासीय मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार गत माह खनन कार्यों के दौरान नदी क्षेत्र में मशीनों और अन्य उपकरणों के उपयोग को लेकर प्रशासन द्वारा कार्रवाई भी की गई थी। इससे पहले भी नदी क्षेत्र में बने गहरे गड्ढों के कारण एक दुखद हादसा हो चुका है, जिसमें एक बच्चे की जान चली गई थी।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि अतीत में खोह नदी में आई बाढ़ से भी आसपास के क्षेत्रों को नुकसान पहुंच चुका है। ऐसे में मानसून से पहले नदी क्षेत्र में होने वाले खनन कार्यों की निगरानी और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
कुछ स्थानीय लोगों ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर बताया कि खनन कार्यों के संबंध में समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं। उनका मानना है कि संबंधित विभागों को इस मामले का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराए जाने तथा मानसून को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि संभावित जोखिमों को समय रहते रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!