पर्यावरण

नागनाथ पोखरी महाविद्यालय परिसर में हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

पोखरी, 13 जून (राणा)। पर्यावरण संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में शनिवार को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर रीटा शर्मा के नेतृत्व में प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने परिसर में फलदार एवं छायादार पौधे रोपकर उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत जूनीपर, सुराई, संतरा, बुरांश, खुबानी, आड़ू तथा देवदार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर रीटा शर्मा ने कहा कि पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पौधे पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छ वायु, जल संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों की समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है।
कार्यक्रम में डॉ. कंचन सहगल, डॉ. अभय कुमार श्रीवास्तव, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. शाजिया सिद्दीकी, डॉ. किरण चौहान तथा डॉ. केवलानंद सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!