कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
गौचर, 24 जून (गुसाईं)। व्यापार संघ गौचर के अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनी रहेगी।
ज्ञापन में उन्होंने पुलिस प्रशासन को अवगत कराया कि चारधाम यात्रा मार्ग पर आए दिन कुछ असामाजिक तत्व कथित श्रद्धालुओं के वेश में स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं, जो अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं के कारण व्यापारी और आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
राकेश लिंगवाल ने कहा कि असामाजिक तत्वों की हुड़दंगबाजी के चलते व्यापारियों, आम जनता और स्कूली बच्चों का सड़क पर सुरक्षित आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि नगर क्षेत्र गौचर में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मुख्य बाजार सहित पूरे क्षेत्र में दिन-रात पर्याप्त पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि तथाकथित श्रद्धालुओं की आड़ में होने वाली अराजक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा सीजन शुरू होने से पहले जिन मुद्दों पर बैठकें आयोजित कर निर्णय लिए गए थे, उन्हें सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। वर्तमान में कुछ लोग अपने दुपहिया और चौपहिया वाहनों को मुख्य बाजार में अव्यवस्थित ढंग से खड़ा कर रहे हैं, जिससे बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इससे जहां व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं, वहीं राहगीरों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापार संघ अध्यक्ष ने कहा कि शीघ्र ही विद्यालय खुलने वाले हैं और इसके साथ ही कांवड़ यात्रा भी शुरू हो जाएगी। ऐसे में यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन को अभी से आवश्यक तैयारियां शुरू कर देनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
