चार सूत्रीय मांगों को लेकर ग्रामीणों ने दी आंदोलन और चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
थराली, 24 जून (हरेंद्र बिष्ट)। चार सूत्रीय मांगों को लेकर विकासखंड देवाल की हरमल ग्राम पंचायत सहित पिंडर क्षेत्र के ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी थराली यशवीर सिंह रावत को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन शुरू करने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों के बहिष्कार पर भी विचार करेंगे।
बुधवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश गड़िया के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने उपजिलाधिकारी से भेंट कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि हरमल गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग वर्षों से की जा रही है। आंदोलन और पूर्व में चुनाव बहिष्कार जैसे कदम उठाने के बावजूद अब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। वर्तमान में ग्रामीणों को 7 से 8 किलोमीटर तक पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है, जिससे उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मानमती-हरमल मोटर मार्ग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत स्वीकृत है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है।
ज्ञापन में हरमल ग्राम पंचायत में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित ‘हर घर नल, हर घर जल’ योजना की भी जांच की मांग की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना बनने के बावजूद लोगों को नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं मिल रही है।
ग्रामीणों ने हरमल क्षेत्र में एएनएम की नियुक्ति की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि एएनएम के अभाव में क्षेत्र के लोगों को टीकाकरण सहित अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इसके अतिरिक्त ज्ञापन में पिंडर क्षेत्र के उदयपुर, धारकुंवरपाटा, मुनियालीखेत, खेता और मेलखेत में स्थापित बीएसएनएल मोबाइल टावरों को नियमित रूप से संचालित करने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि टावर स्थापित होने के बावजूद नेटवर्क सेवा सुचारु न होने से लोग मोबाइल संचार सुविधा से वंचित हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे व्यापक आंदोलन छेड़ने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों का बहिष्कार करेंगे।
ज्ञापन पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य हिम्मत सिंह रावल, हरमल के प्रधान आलम राम, पूर्व प्रधान पुष्कर सिंह गड़िया, मानमती की प्रधान कलावती देवी, मोपाटा के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य जसवंत सिंह कुंवर तथा सामाजिक कार्यकर्ता धनी राम सहित अनेक ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
