नारायणबगड़ आपदा: जनप्रतिनिधियों ने किया प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

थराली, 28 जून (हरेंद्र बिष्ट)। पिंडर घाटी के नारायणबगड़ विकासखंड मुख्यालय में भारी बारिश और बादल फटने से हुए नुकसान के बाद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक नेताओं ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें इस कठिन समय में हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
गत दिवस नारायणबगड़ की पहाड़ियों में बादल फटने के बाद आए तेज मलबे और सैलाब से क्षेत्र में व्यापक नुकसान हुआ। सबसे अधिक क्षति राजकीय इंटर कॉलेज नारायणबगड़ को हुई, जहां तीन अतिरिक्त कक्ष पूरी तरह ध्वस्त हो गए। वहीं छात्रावास और मुख्य भवन के भूतल में मलबा घुसने से फर्नीचर सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री को भारी नुकसान पहुंचा।
बाजार क्षेत्र में भी आपदा का व्यापक असर देखने को मिला। मलबा घुसने से 12 दुकानों में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि 12 मोटरसाइकिलें और चार कारें भी इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं।

आपदा के बाद थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा, जड़ी-बूटी विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री बलवीर घुनियाल, कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, नारायणबगड़ ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला, भाजपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नरेंद्र भारती, जिला पंचायत सदस्य सूरी कनेरी तथा कांग्रेस नेता संदीप पटवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और प्रशासन से शीघ्र राहत एवं पुनर्वास कार्य तेज करने की अपेक्षा जताई।
