क्षेत्रीय समाचारस्वास्थ्य

निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में 70 मरीजों की जांच, छह मोतियाबिंद रोगियों का होगा निःशुल्क ऑपरेशन

पोखरी, 28 जून (राणा)। थालाबैड़ वार्ड से जिला पंचायत सदस्य एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह राणा के विशेष सहयोग तथा द हंस जनरल अस्पताल, सतपुली के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को पोखरी स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस परिसर में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में नेत्र विशेषज्ञों ने 70 मरीजों की आंखों की निःशुल्क जांच की तथा आवश्यकतानुसार दवाइयां और चश्मे वितरित किए। जांच के दौरान छह मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई। इन सभी मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन के लिए द हंस नेत्र चिकित्सालय, सतपुली भेजा जाएगा।

शिविर का लाभ उठाने वाले 85 वर्षीय विशंभर दत्त (देवखाल), 75 वर्षीय मनवर सिंह (काण्डई), 40 वर्षीय उर्मिला देवी (मोहनखाल) सहित अन्य ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में ऐसे स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं और इससे गरीब व जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो रही हैं।

शिविर में नेत्र चिकित्सक डॉ. सुमित, डॉ. राजदीप, समन्वयक दीपक गुसाईं, स्टाफ नर्स राकेश रावत तथा सुरेंद्र पुजारी ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह राणा, एडवोकेट राधारानी रावत, पत्रकार भानु प्रकाश नेगी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!