उत्तराखंड शासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 आईएएस और एक आईएफएस अधिकारी के तबादले
देहरादून, 25 जुलाई। उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 10 आईएएस और एक आईएफएस अधिकारी के तबादले किए हैं। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 द्वारा जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तबादला सूची के अनुसार प्रमुख सचिव ललरिनलियाना फैनई से आबकारी विभाग का दायित्व वापस लिया गया है। सचिव नितेश कुमार झा को सचिव पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। सचिव रविनाथ रमन को सचिव परिवहन विभाग एवं आयुक्त परिवहन बनाया गया है, जबकि डॉ. पंकज कुमार पांडेय को सचिव सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में सचिव बुजेश कुमार संत को सचिव आबकारी विभाग नियुक्त किया गया है। डॉ. सुरेंद्र नारायण पांडेय को सचिव गन्ना विकास एवं चीनी विभाग बनाया गया है। लंबे समय से प्रतीक्षारत आईएएस अधिकारी ज्योति यादव को सचिव विद्यालयी शिक्षा (प्राथमिक एवं माध्यमिक) का दायित्व सौंपा गया है।
आईएएस युगल किशोर पंत को सचिव सचिवालय प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी मिली है। सचिव रणवीर सिंह चौहान को सचिव वित्त विभाग नियुक्त किया गया है। वहीं आईएफएस अधिकारी डॉ. पराग मधुकर धकाते से पंचायती राज विभाग का दायित्व वापस लिया गया है।
इसके अलावा आईएएस अभिषेक रुहेला को अपर सचिव राज्य सम्पत्ति विभाग एवं राज्य सम्पत्ति अधिकारी बनाया गया है। शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले विभाग में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
