क्षेत्रीय समाचार

सुयालकोट भूस्खलन और कोटेड़ा आपदा क्षेत्र का पूर्व विधायक डॉ. जीत राम ने किया निरीक्षण

 

सरकार पर समाधान और राहत में लापरवाही का आरोप


हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 26 जुलाई। पूर्व विधायक डॉ. जीत राम ने रविवार को देवाल–सुयालकोट–खेता मोटर मार्ग के भूस्खलन प्रभावित सुयालकोट क्षेत्र तथा आपदाग्रस्त कोटेड़ा गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुयालकोट भूस्खलन क्षेत्र की समस्या का पिछले दस वर्षों में स्थायी समाधान नहीं किए जाने तथा कोटेड़ा गांव के आपदा प्रभावित परिवारों को पर्याप्त राहत न मिलने पर राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. जीत राम ने कहा कि सुयालकोट स्लाइड जोन में पिछले तीन दिनों से सड़क बंद होने के कारण लगभग एक दर्जन गांवों का संपर्क विकासखंड मुख्यालय देवाल से कट गया है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में सरकार इस समस्या का स्थायी समाधान खोजने में विफल रही है, जो उसकी बड़ी नाकामी है।
इसके बाद उन्होंने कोटेड़ा गांव का भ्रमण कर आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने आरोप लगाया कि बोरागाड़–कोटेड़ा मोटर मार्ग के घटिया निर्माण के कारण कई परिवारों के मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। बावजूद इसके प्रभावित परिवारों को अब तक अपेक्षित राहत और मुआवजा उपलब्ध नहीं कराया गया है।
पूर्व विधायक ने मांग की कि जिन परिवारों के मकान खतरे की जद में आ चुके हैं, उन्हें आपदा राहत योजना के तहत आवास उपलब्ध कराए जाएं तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव आर्थिक एवं अन्य आवश्यक सहायता तत्काल दी जाए।
इस अवसर पर देवाल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमल गड़िया, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, कांग्रेस नेता गौरव खत्री, भूपेंद्र बिष्ट ‘भुप्पी’, कुंदन राम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!