धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

भोले महाराज के जन्मोत्सव पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

तीन दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में 3,300 लोगों ने लिया स्वास्थ्य लाभ


नई दिल्ली, 28 जुलाई (त्यागी)। आध्यात्मिक गुरु एवं द हंस फाउंडेशन के प्रेरणास्रोत भोले महाराज का जन्मोत्सव हंसलोक आश्रम, दिल्ली में श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाया गया। हंस ज्योति-ए यूनिट ऑफ हंस कल्चरल सेंटर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण समारोह में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर विभिन्न धर्माचार्यों, सामाजिक, राजनीतिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा गणमान्य व्यक्तियों ने भोले महाराज के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।
समारोह में आध्यात्मिक विभूति मंगला जी ने अपने परिवार, साधु-संतों और भक्तजनों की ओर से भोले महाराज को जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नाम के अनुरूप उनका जीवन अत्यंत सरल, सौम्य और सादगीपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भोले महाराज सदैव सत्संग, ज्ञान, भजन और मानव सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
मंगला जी ने कहा कि भोले महाराज को आध्यात्मिक ज्ञान और मानव सेवा के संस्कार योगीराज श्री हंस महाराज एवं माता राजेश्वरी देवी से प्राप्त हुए। उनके मार्गदर्शन में द हंस फाउंडेशन देश के विभिन्न राज्यों में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छ पेयजल, पर्यावरण संरक्षण, स्वरोजगार और गौसेवा सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रहा है। समारोह में द हंस फाउंडेशन, हंस कल्चरल सेंटर और श्री हंसलोक जनकल्याण समिति द्वारा संचालित सामाजिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई।
समारोह के दौरान 25 से 27 जुलाई तक अनुभवी चिकित्सकों की देखरेख में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 3,300 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और नि:शुल्क दवाइयों का लाभ उठाया। श्रद्धालुओं के लिए हंसलोक आश्रम में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न तीर्थस्थलों से पहुंचे संत-महात्माओं ने सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन, ज्ञान और भक्ति का संदेश दिया। वहीं, भजन गायकों ने मां जगदंबा, भगवान शिव, गुरु महाराज और सत्संग की महिमा पर आधारित भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!