भारी बारिश के अलर्ट पर टिहरी में 29 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे
नई टिहरी, 28 जुलाई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा 29 जुलाई को जनपद टिहरी गढ़वाल के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना व्यक्त किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नितिका खंडेलवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार बुधवार, 29 जुलाई 2026 को जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा संभावित प्राकृतिक आपदा से किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है। आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के प्रावधानों के तहत जारी किया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों तथा संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश की अवहेलना होने पर संबंधित के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
