विश्व बाघ दिवस पर प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन पर राज्य स्तरीय कार्यशाला

देहरादून, 29 जुलाई। विश्व बाघ दिवस के अवसर पर बुधवार को जाखन स्थित एक होटल में “एकल उपयोग प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रवर्तन” विषय पर राज्य स्तरीय परामर्श कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाघ संरक्षण पर आधारित चित्र एवं पोस्टकार्ड का विमोचन किया तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष में साहसिक कार्य करने और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया।
कार्यशाला में उत्तराखंड में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन, जन-जागरूकता, प्रवर्तन, प्लास्टिक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन तथा रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई। चारधाम यात्रा मार्गों और प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियानों की भी जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ जनसहभागिता भी आवश्यक है। उन्होंने पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा पर्यटन स्थलों और वन क्षेत्रों में प्लास्टिक कचरा नहीं फैलाने की अपील की।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पर्यावरण विशेषज्ञों, वन अधिकारियों और अन्य संबंधित पक्षों ने भाग लिया तथा प्लास्टिक प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए सुझाव प्रस्तुत किए।
