भारी बारिश से राज्य मार्ग बाधित, आठ घंटे बाद यातायात बहाल

देवसारी मोटर सड़क दूसरे दिन भी बंद, नदियों और गदेरों का जलस्तर बढ़ने से लोगों में दहशत
–हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 29 जुलाई। क्षेत्र में मंगलवार रात हुई भारी बारिश के कारण ग्वालदम-नंदकेशरी राज्य मार्ग संख्या-91 तथा श्री नंदा देवी राजजात यात्रा मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-90) कई स्थानों पर बाधित हो गए। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) थराली ने करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मार्गों को यातायात के लिए खोल दिया। हालांकि ग्वालदम-नंदकेशरी मार्ग से जुड़ने वाली देवसारी मोटर सड़क के क्षतिग्रस्त होने से इस मार्ग पर लगातार दूसरे दिन भी यातायात ठप रहा।
भारी बारिश के कारण ग्वालदम-नंदकेशरी राज्य मार्ग संख्या-91 के किमी-1 पर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। वहीं राज्य मार्ग संख्या-90 पर उणी (किमी-8) और गमलीगाड़ (किमी-18) के पास मलबा, बोल्डर और पेड़ गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया था। लोनिवि थराली ने जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर दोनों मार्गों पर यातायात सुचारु कर दिया।
लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा तथा सहायक अभियंता जे.के. टम्टा ने बताया कि कुनारबैंड-घेस सहित अन्य संपर्क मार्गों को भी यातायात के लिए खोल दिया गया है।
उधर, एनपीसीसी के अधीन देवसारी मोटर सड़क किमी-4 पर भारी कटाव के कारण गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है। एनपीसीसी के प्रबंधक नरेंद्र तोमकियाल ने बताया कि सड़क के खाई वाले हिस्से में लगातार कटाव हो रहा है। लगातार बारिश के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित है। मौसम साफ होते ही सड़क को यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जाएगा।
लगातार बारिश से पिंडर, कैल और प्राणमती नदियों सहित क्षेत्र के सभी गदेरों और बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इससे नदी किनारे रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने और सतर्कता बरतने की अपील की है।
