बद्रीनाथ में आश्रम में शरण लेकर साधु ने चुराया भगवान नारायण का सोने का मुकुट, गिरफ्तार
मंदिर से करीब पांच लाख रुपये का मणि जड़ित मुकुट चोरी, 4,500 रुपये नकद भी बरामद
बद्रीनाथ/ज्योतिर्मठ, 31 जुलाई (कपरूवाण)। बद्रीनाथ धाम में भजन-कीर्तन और साधना के लिए आश्रम में शरण लेने वाला एक साधु ही मंदिर से भगवान नारायण का सोने का मणि जड़ित मुकुट चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार हुआ है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया मुकुट, 4,500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त काला बैग बरामद किया है। मुकुट की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, ब्रह्मचारी भगवत दास ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम, ब्रह्मकपाल की ओर से 24 जुलाई को कोतवाली बद्रीनाथ में मुकुट चोरी की तहरीर दी गई थी। शिकायत में बताया गया कि आश्रम में भजन-कीर्तन के लिए ठहरा साधु राघवदास 24 जुलाई की रात मंदिर से भगवान नारायण का सोने का मणि जड़ित मुकुट चोरी कर ले गया। इसी दौरान आश्रम में ठहरे प्रभुदास नामक व्यक्ति के बैग से नकदी चोरी किए जाने की भी बात सामने आई।
धार्मिक स्थल से मुकुट चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में जांच के साथ तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र के माध्यम से आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई को अपर उप निरीक्षक भूपेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम बद्रीनाथ क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बद्रीश गंगा वाटिका गेट, हनुमानचट्टी रोड के पास घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57) पुत्र श्यामता प्रसाद पाठक, निवासी मुनीमपुर, थाना भिनगा, जनपद श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने भगवान नारायण का सोने का मणि जड़ित मुकुट, चोरी की गई नकदी में से 4,500 रुपये और घटना में प्रयुक्त काला बैग बरामद किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने आश्रम के मंदिर से मुकुट तथा वहां ठहरे प्रभुदास के बैग से नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में अपर उप निरीक्षक भूपेंद्र प्रसाद, हेड कांस्टेबल चंदन सिंह नगरकोटी, कांस्टेबल विकास जुयाल, विशेष पुलिस टीम के कांस्टेबल आशुतोष तिवारी, राजेंद्र रावत, गौरव रावत और शीशपाल सिंह शामिल रहे।
