सेवा निवृत्ति पर लाइनमैन सत्येन्द्र सिंह भंडारी को भावभीनी विदाई
पोखरी, 31 जुलाई (राणा)। विद्युत वितरण खंड पोखरी के वरिष्ठ लाइनमैन सत्येन्द्र सिंह भंडारी 42 वर्ष की लंबी सेवा के बाद शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर विद्युत वितरण खंड कार्यालय में आयोजित विदाई समारोह में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा ढोल-नगाड़ों के साथ भावभीनी विदाई दी।
समारोह में अधिशासी अभियंता राहुल चंद्रा ने कहा कि सत्येन्द्र सिंह भंडारी ने पूरी सेवा अवधि में अनुशासन, कर्मठता और समर्पण के साथ कार्य किया। उनकी कार्यशैली विभाग के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। उपखंड अधिकारी आशीष चौधरी ने कहा कि कर्मचारियों को उनकी कार्यनिष्ठा और सेवा भावना से सीख लेकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। अवर अभियंता धीरेन्द्र सिंह भंडारी ने उनके अनुभव और सहयोग को विभाग की बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।
अपने संबोधन में सत्येन्द्र सिंह भंडारी भावुक हो गए। उन्होंने सेवा काल के दौरान मिले सहयोग, सम्मान और स्नेह के लिए अधिकारियों, सहकर्मियों तथा कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उनके पैतृक गांव जौरासी में भी ग्रामीणों ने उनका सम्मान करते हुए स्वस्थ एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं। समारोह में विभागीय कर्मचारी, परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
