क्षेत्रीय समाचार

रविग्राम मिनी स्टेडियम के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, 9.48 करोड़ की परियोजना की समीक्षा

 

ज्योतिर्मठ/चमोली, 31 जुलाई (कपरुवाण)। जोशीमठ के रविग्राम में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम निर्माण परियोजना को शीघ्र गति देने के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने पर भी जोर दिया।
गोपेश्वर स्थित जिला सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यदायी संस्था पेयजल निगम, युवा कल्याण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति की जानकारी दी। बताया गया कि मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए 9.48 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 3 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है।
परियोजना के तहत 95×42 मीटर क्षेत्रफल में चार लेन का सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक बनाया जाएगा। इसके साथ ही ट्रैक के मध्य भाग में विभिन्न खेलों के लिए इनफील्ड कोर्ट, कार्यालय भवन, चेंजिंग रूम तथा अन्य आवश्यक खेल अवसंरचनाएं भी विकसित की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना के प्रत्येक चरण में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाए रखें, ताकि कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा हो सके और क्षेत्र के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने उपजिलाधिकारी जोशीमठ को निर्देश दिए कि कार्यदायी संस्था, एनटीपीसी और अन्य हितधारकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार किए जाएं, जिससे निर्माण कार्य से जुड़ी तकनीकी एवं अन्य बाधाओं का समय रहते समाधान हो सके।
बैठक में उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ, जिला युवा कल्याण अधिकारी धीरेन्द्र द्विवेदी, बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, नगर पालिका सभासद प्रवेश डिमरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!