अन्य

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय में शपथ

श्रीनगर (गढ़वाल), 2 अगस्त। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित एकेडमिक एक्टिविटी सेंटर में शनिवार को भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (माई भारत) तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति शपथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का सामूहिक लाइव प्रसारण और विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ नशा मुक्ति की शपथ के साथ हुआ। इस दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। इसके बाद प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का सामूहिक रूप से अवलोकन किया। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में नशे को परिवार, समाज और राष्ट्र के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए युवाओं से शिक्षा, खेल, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
विचार गोष्ठी में कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने वाले संस्थान नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व के केंद्र भी हैं। उन्होंने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलाने में उच्च शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. ओ.पी. गुसाईं ने युवाओं से अपनी ऊर्जा को शिक्षा, अनुसंधान, खेल और सामाजिक सेवा में लगाने का आह्वान किया।
नशा मुक्त भारत अभियान के विश्वविद्यालय नोडल अधिकारी प्रो. जे.पी. भट्ट ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय में नियमित रूप से व्याख्यान, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं, रैलियां और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। छात्रसंघ अध्यक्ष महिपाल बिष्ट और उपाध्यक्ष शिवांक नौटियाल ने भी छात्रों से नशा उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम में प्रो. एम.एस. नेगी, प्रो. एन.एस. पंवार, प्रो. वाई.पी. रेवानी, कुलसचिव प्रो. आर.एस. रावत, प्रो. अनिल नौटियाल, प्रो. ए.के. पोखरियाल सहित अनेक शिक्षकों ने विचार व्यक्त किए। अंत में सभी प्रतिभागियों ने “नशा मुक्त भारत–विकसित भारत” के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम का संचालन माई भारत के संयोजक डॉ. राकेश नेगी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!