धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

नंदादेवी जात यात्रा पर छह घंटे मंथन, नहीं बनी सहमति; दोबारा होगी समन्वयक बैठक

 

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली/देवाल, 7 अगस्त। वर्ष 2026 में प्रस्तावित श्री नंदादेवी बड़ी जात यात्रा को लेकर देवाल में आयोजित समन्वयक समिति की बैठक करीब छह घंटे तक चली, लेकिन किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। बैठक में बड़ी जात और लोक जात यात्रा को लेकर अलग-अलग पक्ष सामने आए। कई बार तीखी बहस भी हुई। अंत में समिति के अध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख देवाल तेजपाल रावत ने कहा कि दो-तीन दिनों के भीतर पुनः समन्वयक बैठक बुलाकर सर्वसम्मति बनाने का प्रयास किया जाएगा।
शुक्रवार को ब्लॉक सभागार देवाल में आयोजित बैठक में सिद्धपीठ कुरूड़, दशमद्वार, बंड, बधाण पट्टी सहित थराली और देवाल विकासखंड के विभिन्न पड़ावों के अध्यक्ष, समिति सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में देवाल क्षेत्र के कई वक्ताओं ने वर्ष 2026 में प्रस्तावित श्री नंदादेवी बड़ी जात यात्रा का समर्थन किया। वहीं, न्याय पंचायत मंदोली के अधिकांश वक्ताओं ने कहा कि वे इस वर्ष बड़ी जात के आयोजन में सहयोग नहीं कर पाएंगे, क्योंकि सरकार की ओर से आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं नहीं की गई हैं। उनका कहना था कि वे वर्ष 2027 में प्रस्तावित श्री नंदादेवी राजजात यात्रा के आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

नंदा बड़ी जात आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सिद्धपीठ कुरूड़ में इस वर्ष बसंत पंचमी पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान भगवती के पश्वा ने इसी वर्ष कैलाश प्रस्थान की इच्छा व्यक्त की थी। उसी के अनुरूप बड़ी जात यात्रा का कार्यक्रम तय किया गया है।
बैठक में कई वक्ताओं ने हाल ही में सिद्धपीठ देवराड़ा से परंपरा से अलग जारी किए गए नंदा लोक जात यात्रा कार्यक्रम पर भी आपत्ति जताई। कुछ वक्ताओं ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2025 के अंत तक सरकार वर्ष 2026 में राजजात आयोजन की बात करती रही, लेकिन वर्ष 2026 शुरू होते ही सरकार ने आयोजन से दूरी बनानी शुरू कर दी, जिससे श्रद्धालुओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई है।
बैठक में कनिष्ठ प्रमुख पिंकी देवी, जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम, हरीश सोनियाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, नंदा बड़ी जात आयोजन समिति के सचिव अशोक गौड़, कुरूड़ मंदिर समिति के अध्यक्ष सुखवीर रौतेला, वांण मंदिर समिति के कृष्णा बिष्ट, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र बिष्ट, पड़ाव अध्यक्ष कलम बिष्ट, खुशाल बिष्ट, हीरा सिंह गढ़वाली, महावीर सिंह, व्यापार संघ अध्यक्ष देवाल चंद्र सिंह रावत, प्रद्युम्न सिंह, पूर्व प्रधान नरेंद्र बिष्ट, प्रधान कविता मिश्रा, रीता पांडे, ल्वाणी मेला समिति के अध्यक्ष महावीर बिष्ट, प्रधान प्रेम बिष्ट, पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, पुष्कर फर्स्वाण, गंगा सिंह सुयाल, गोविंद सोनी, गणेश मिश्रा, गोविंद पांगती, वांण की प्रधान नंदूली बिष्ट, त्रिलोक सिंह बिष्ट, लखन रावत, धनीराम गौड़, प्रधान उमेश मिश्रा, क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश गड़िया, प्रदीप दानू सहित अनेक लोगों ने अपने विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!