स्वतंत्रता दिवस पर पौड़ी जिले में मदिरा की दुकानें रहेंगी बंद
पौड़ी, 13 अगस्त (शिवाली)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जनपद पौड़ी गढ़वाल में सभी मदिरा की दुकानें और अन्य आबकारी प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहेंगे। इस दौरान मदिरा एवं बीयर की बिक्री, परिवहन और उपभोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
जिले में संचालित विदेशी मदिरा की फुटकर दुकानें, उपदुकानें, उपगोदाम, मदिरा एवं बीयर गोदाम, सैन्य कैंटीन एवं गोदाम, बार, बॉटलिंग प्लांट, विन्टनरी तथा डिपार्टमेंटल स्टोर सहित सभी आबकारी प्रतिष्ठान 15 अगस्त को बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सभी उपजिलाधिकारियों और आबकारी निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित तिथि को सभी आबकारी प्रतिष्ठानों को पूर्ण रूप से बंद रखना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
