क्षेत्रीय समाचार

आईटीबीपी की 8वीं वाहिनी ने निकाली तिरंगा बाइक रैली

गौचर, 13 अगस्त (गुसाईं)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आईटीबीपी की 8वीं वाहिनी ने तिरंगा बाइक रैली आयोजित कर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
गौचर स्थित वाहिनी परिसर में तिरंगा बाइक रैली के साथ ही देशभक्ति आधारित क्विज प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता, बाल कार्मिकों के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम, योग सत्र और ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से कार्मिकों और उनके परिवारजनों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रमों का आयोजन ऑफिसर कमांडिंग मनोज शाह के निर्देशन में किया गया। इनमें वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों और कार्मिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
ऑफिसर कमांडिंग मनोज शाह ने सभी कार्मिकों और उनके परिवारजनों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय गौरव और उत्साह के साथ मनाने का आह्वान किया। कार्यक्रमों के दौरान वाहिनी परिसर में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता का माहौल रहा।
इस अवसर पर कार्मिकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!