Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

नंदा की बड़ी जात इसी वर्ष होगी, संशय खत्म

  • सामंती सोच को नकारते हुए सफल आयोजन का संकल्प, नंदाधाम कुरुड़ में हुई वृहद बैठक
  • जिला पंचायत अध्यक्ष और विधायक ने हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

-महिपाल गुसाईं-
गोपेश्वर, 13 अगस्त। आगामी पांच सितंबर से प्रस्तावित मां नंदादेवी की बड़ी जात के आयोजन को लेकर बना संशय गुरुवार को समाप्त हो गया। सिद्धपीठ नंदाधाम कुरुड़ में हुई वृहद बैठक में सर्वसम्मति से बड़ी जात का आयोजन इसी वर्ष सितंबर में करने का निर्णय लिया गया। बैठक में नंदानगर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पुजारियों, देवता प्रतिनिधियों और सैकड़ों नंदा भक्तों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए जुटने का संकल्प लिया।

बैठक में नंदानगर क्षेत्र के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, गौड़ ब्राह्मण पुजारी, जाख देवता के प्रतिनिधि, नंदकेसरी, दशमद्वार, बंड भूमियाल, द्यो सिंह त्यूना और रजकोटि के प्रतिनिधियों के अलावा थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, जिला पंचायत पिलंग वार्ड के सदस्य विपिन फर्स्वाण, निजमुला घाटी के प्रतिनिधि, आयोजन समिति के अध्यक्ष पूर्व कर्नल हरेंद्र सिंह रावत, मंदिर समिति अध्यक्ष सुखवीर रौतेला, परगना बधाण के नरेश गौड़, अशोक गौड़, प्रकाश गौड़, ब्लॉक प्रमुख हेमा देवी और ज्येष्ठ प्रमुख हीरा सिंह बिष्ट सहित अन्य लोगों ने विचार रखे।
बैठक में वक्ताओं ने बड़ी जात को लेकर चल रहे संशय और विभिन्न स्तरों पर उठ रहे सवालों को विराम देते हुए इस वर्ष आयोजन कराने पर सहमति जताई। क्षेत्र के सैकड़ों नंदा भक्तों ने यात्रा की तैयारियों में पूरी तत्परता से जुटने की बात कही।

जिला पंचायत निभाएगी दायित्व
जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने कहा कि बड़ी जात के यात्रा मार्ग पर जिला पंचायत अपने अधिकार क्षेत्र से जुड़े सभी दायित्व पूरी तत्परता से निभाएगी। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर मार्ग समेत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वह स्वयं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर यात्रा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बड़ी जात के सफल संचालन के लिए जिला पंचायत की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
विधायक ने भी दिया भरोसा
थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि भगवती नंदा पूरे क्षेत्र की आराध्य देवी हैं और उनकी बड़ी जात के आयोजन में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वह अपने स्तर के साथ ही सरकार के स्तर से भी यात्रा के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे, ताकि नंदा भक्तों को किसी तरह की असुविधा न हो।
मंदिर समिति के अध्यक्ष सुखवीर रौतेला ने बैठक में पहुंचे सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष मां नंदादेवी की बड़ी जात का आयोजन पूर्व के आयोजनों की अपेक्षा अधिक भव्य और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!