क्षेत्रीय समाचार

आदिबद्री में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच का कैंप, अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण

 

गौचर, 13 अगस्त (गुसाईं)। विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच, गौचर की ओर से गुरुवार को आदिबद्री में कैंप आयोजित किया गया। कैंप में 50 से अधिक विद्युत संबंधी शिकायतें पहुंचीं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। करीब एक दर्जन शिकायतों को फोरम ने सुनवाई के लिए अपने पास रखा।
कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल के आग्रह पर आयोजित इस कैंप का उद्देश्य ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के अनुरूप उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना था। विधायक स्वयं भी कैंप में मौजूद रहे। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों से विद्युत संबंधी समस्याएं फोरम के समक्ष रखने का आग्रह किया, ताकि उनका समयबद्ध निस्तारण हो सके।
विधायक नौटियाल ने फोरम के सदस्य रघुवीर सिंह बिष्ट और अर्जुन सिंह बिष्ट का आभार जताते हुए कहा कि उनके आग्रह पर कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में कैंप आयोजित किया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले महीनों में विधानसभा क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी ऐसे कैंप आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आगामी कैंप सीआरएफ की ओर से आयोजित किए जाएंगे।
विधायक नौटियाल आदिबद्री में आयोजित तिरंगा यात्रा के प्रतिभागियों के साथ कैंप में भी शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद नेगी, भाजपा जिला महामंत्री अरुण मैठाणी, ग्राम प्रधान आदिबद्री आरती बहुगुणा, ग्राम प्रधान नगली नवीन बहुगुणा, ग्राम प्रधान दुआ महावीर सिंह रावत, बीडीसी सदस्य बबीता देवी समेत कई ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
कैंप में यूपीसीएल के उपखंड अधिकारी पंकज कुमार, अवर अभियंता आरपी मिश्रा तथा सीजीआरएफ के कार्यालय सहायक सतीश मैठाणी और रेखा भंडारी ने उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनीं। 50 से अधिक शिकायतों में से करीब एक दर्जन मामलों को फोरम ने सुनवाई के लिए अपने पास रखा, जबकि शेष शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!