आपदा/दुर्घटना

मुख्यमंत्री धामी ने टनल में चल रहे रेस्क्यू अभियान का लिया जायजा, लापता लोगों को सुरक्षित निकालने के निर्देश

ज्योतिर्मठ, 14 अगस्त (प्रकाश कपरुवाण)। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को घटनास्थल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों तथा बचाव दलों से अब तक की कार्रवाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने रेस्क्यू अभियान में जुटी विभिन्न टीमों से बातचीत कर टनल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।
टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के टीआरटी टनल की लंबाई करीब तीन किलोमीटर है। टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी आने की स्थिति बनी है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपलब्ध सभी संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस सहित सभी बचाव दलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने को कहा।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को घटनाक्रम, अब तक किए गए रेस्क्यू तथा मौके पर संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टनल में फंसे 22 लोगों में से अब तक 19 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि शेष तीन लोगों की तलाश और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। घटना में अभी तक सात लोगों की मृत्यु की सूचना है।
रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है। स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों की टीम उनके उपचार के साथ ही स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान के साथ घायलों के उपचार, उनके परिजनों की सहायता और घटनास्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न हो। उन्होंने बचाव दलों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए अभियान को पूरी गंभीरता, सावधानी और उपलब्ध तकनीकी संसाधनों के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान काबीना मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, सभासद राजा जोशी, पूर्व प्रमुख नंदन सिंह बिष्ट, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!