Front Page

मुख्यमंत्री धामी ने टनल हादसे के घायलों का हालचाल जाना

गोपेश्वर, 14 अगस्त (कपरूवाण)। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचकर रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना।

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों से उनके स्वास्थ्य और उपचार के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में चिकित्सकों से भी जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को घायल श्रमिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायल श्रमिकों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाए तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का जीवन सरकार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। रेस्क्यू अभियान के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और रेस्क्यू अभियान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहने दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि हादसे से प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से उन्होंने स्वयं वार्ता की है। साथ ही टनल हादसे के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं।
इस दौरान बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!