उत्तरकाशी के डख्याट गांव में चौपाल, डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

तीन किमी मोटर मार्ग की प्रगति रिपोर्ट तलब, आंगनबाड़ी भवन और खेल मैदान के लिए प्रस्ताव बनाने के निर्देश
उत्तरकाशी, 13 सितंबर। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को अपने दो दिवसीय यमुना घाटी भ्रमण के दौरान विकासखंड नौगांव के डख्याटगांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। मंदिर प्रांगण में आयोजित चौपाल में सड़क, पेयजल, शिक्षा, आंगनबाड़ी भवन, खेल मैदान और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठे। दो वर्षीय बालिका की आंख की समस्या सामने आने पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही उसके स्वास्थ्य परीक्षण और बेहतर उपचार की व्यवस्था के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान बिशाल सिंह और ग्रामीणों ने गांव की विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। डांडा गांव छानी से तटाऊ महाविद्यालय तक स्वीकृत तीन किमी मोटर मार्ग का निर्माण लंबित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से मार्ग की अद्यतन स्थिति और निर्माण में विलंब के कारणों की रिपोर्ट तलब की।
ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति के साथ पंचायत भवन और आंगनबाड़ी केंद्र के लिए भवन की आवश्यकता भी बताई। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी नौगांव को नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के तहत अधूरे कार्यों के कारण गांव में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने का मामला भी चौपाल में उठा। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था को शेष कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा कर पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। युवाओं ने खेल सुविधाओं की कमी की ओर ध्यान दिलाया। इस पर प्राथमिक विद्यालय परिसर के खेल मैदान के समतलीकरण और सुधार के साथ खेल सामग्री उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों से कार्ययोजना मांगी गई।
चौपाल के दौरान एक महिला ने अपनी दो वर्षीय बेटी आराध्या की आंख की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। कॉर्निया संबंधी परेशानी की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बालिका का तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरत पड़ने पर बेहतर उपचार के लिए आगे की चिकित्सा व्यवस्था और आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने को भी कहा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के चयन में अनियमितता की शिकायत भी ग्रामीणों ने की। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को लाभार्थियों की सूची का दोबारा पारदर्शी तरीके से सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान रामलीला समिति के सदस्यों ने भी गांव की समस्याएं रखीं और सूक्ष्म अभिनय की प्रस्तुति दी। चौपाल में बीडीओ नौगांव विजेंद्र चौहान, एसीएमओ रमेश चंद्र आर्य, स्वजल के पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मटूडा, पीएम रीप के कपिल उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
