वर्षा के बीच मातृशक्ति सम्मान समारोह, लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

देहरादून। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया की ओर से ‘मातृशक्ति सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया। वर्षा के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। समारोह में महिलाओं को सम्मानित करने के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं।

कार्यक्रम में जौनसार का पारंपरिक नाटी नृत्य, गढ़वाली समूह नृत्य और कुमाऊंनी लोकगीत ‘कैले बाजे मुरली’ सहित कई प्रस्तुतियां दी गईं। नंदा राजजात यात्रा पर आधारित चित्रात्मक प्रस्तुति भी कार्यक्रम का आकर्षण रही। भारतीय सेना और मातृभूमि के संबंध को प्रदर्शित करती सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई। विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने प्रदेश की अलग-अलग लोक परंपराओं को मंच पर प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर वैभव वालिया ने कहा कि मातृशक्ति केवल परिवार की धुरी नहीं, बल्कि समाज और भावी पीढ़ियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि समारोह महिलाओं के त्याग, परिश्रम, संघर्ष और स्वाभिमान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान वालिया ने धर्मपुर क्षेत्र के विकास को लेकर स्थानीय भाजपा विधायक के कामकाज पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की जनता ने लंबे समय से एक ही जनप्रतिनिधि को अवसर दिया, लेकिन उसके अनुरूप विकास धरातल पर दिखाई नहीं देता।
वालिया ने दावा किया कि धर्मपुर के विधायक को करीब एक दशक के कार्यकाल में लगभग 50 करोड़ रुपये की विधायक निधि मिली है, लेकिन क्षेत्र में उसके अनुरूप विकास कार्य नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि संबंधित जनप्रतिनिधि इससे पहले करीब दस वर्ष तक देहरादून के महापौर भी रहे हैं। वालिया ने सड़कों, जलभराव, नालियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन समस्याओं का बने रहना क्षेत्र के विकास को लेकर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि विधायक निधि और अन्य सरकारी संसाधनों से क्षेत्र में हुए कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखा जाना चाहिए। उन्होंने भाजपा विधायक से अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियां सार्वजनिक करने की मांग की। वालिया ने कहा कि लोकतंत्र में जनता को अपने निर्वाचित प्रतिनिधियों से विकास कार्यों और सार्वजनिक धन के उपयोग के संबंध में सवाल पूछने का अधिकार है।
वालिया ने समारोह में महिलाओं की भागीदारी को उनके अधिकारों और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता से जोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस धर्मपुर क्षेत्र से जुड़े जनहित के मुद्दों को उठाती रहेगी।
आयोजकों के अनुसार समारोह का उद्देश्य महिलाओं के सामाजिक योगदान को सम्मान देना और उत्तराखंड की लोक संस्कृति एवं परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम में कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय संयोजक नानक चंद, प्रदेश प्रवक्ता मंजू त्रिपाठी, रेहाना परवीन, ललित भद्री, जमाल अहमद, इंदु थापा, आयुष नेहरा और गौतम नौटियाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
