Front Page

दो दिन की बारिश में फिर उभरे गड्ढे, विधानसभा के सामने ‘गड्ढामुक्त’ सड़क की खुली पोल

 

देहरादून, 28 सितम्बर। देहरादून की डिफेंस कॉलोनी की यह सड़क प्रदेश सरकार के 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान की जमीनी हकीकत दिखा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के बाद विधानसभा के सामने और डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग ने तत्परता दिखाते हुए गड्ढे भरने का काम किया था। लेकिन महज दो दिन की बारिश के बाद सड़क पर फिर गड्ढे और उखड़ी सतह दिखाई देने लगी है।
यह कोई दूरदराज की सड़क नहीं, बल्कि उत्तराखंड विधानसभा के सामने से गुजरने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। डिफेंस कॉलोनी में वर्तमान और पूर्व मुख्यमंत्रियों सहित कई महत्वपूर्ण व्यक्तियों के आवास होने के कारण इस क्षेत्र की सड़कों के रखरखाव पर स्वाभाविक रूप से विशेष ध्यान रहता है। मुख्यमंत्री के निर्देश के तत्काल बाद यहां काम शुरू होना भी इसी प्राथमिकता को दर्शाता था।

सवाल गड्ढे भरने की रफ्तार से ज्यादा काम की गुणवत्ता और टिकाऊपन का है। यदि राजधानी के इस अतिमहत्वपूर्ण क्षेत्र में हाल में की गई मरम्मत दो दिन की बारिश के बाद ही जवाब देने लगे, तो प्रदेश के पर्वतीय और दूरदराज क्षेत्रों में चल रहे गड्ढामुक्त अभियान की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
15 अक्टूबर की समय-सीमा तक केवल गड्ढे भर देना पर्याप्त नहीं होगा। असली कसौटी यह होगी कि मरम्मत पहली बारिश के बाद भी सड़क पर कायम रहती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!