Front Pageआपदा/दुर्घटना

ऑडेन कोल से सभी 29 ट्रैकर सुरक्षित निकाले, कालिंदी पास में बचाव अभियान जारी -See videos

मुख्यमंत्री धामी ने दिल्ली से लिया बचाव अभियान का जायजा, हर ट्रैकर और पोर्टर की सुरक्षित वापसी के निर्देश

उत्तरकाशी/देहरादून, 28 सितंबर। उत्तरकाशी जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्र ऑडेन कोल में फंसे सभी 29 ट्रैकरों को हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया है। सभी ट्रैकरों को हर्षिल हेलिपैड लाने के बाद प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सभी का स्वास्थ्य सामान्य पाए जाने के बाद वे अपने-अपने गंतव्यों के लिए रवाना हो गए। इस बीच कालिंदी पास क्षेत्र में भी हेलीकॉप्टर से राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली से ही उत्तरकाशी के बर्फबारी प्रभावित उच्च हिमालयी क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर ऑडेन कोल और अन्य क्षेत्रों में ट्रैकिंग तथा पर्वतारोहण के लिए गए ट्रैकरों और पोर्टरों की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रत्येक ट्रैकर और पोर्टर की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में गए प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित निकालकर उसके घर तक पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। बचाए गए लोगों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही उनके भोजन और अन्य जरूरतों की भी समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक राज्य का अतिथि है और संकट की स्थिति में प्रत्येक व्यक्ति की सहायता करना राज्य का दायित्व है।

इधर, ऑडेन कोल क्षेत्र में चलाया गया बचाव अभियान सभी 29 ट्रैकरों की सुरक्षित निकासी के साथ पूरा हो गया। दुर्गम उच्च हिमालयी क्षेत्र से ट्रैकरों को हेलीकॉप्टर के जरिए चरणबद्ध तरीके से हर्षिल हेलिपैड पहुंचाया गया। यहां स्वास्थ्य विभाग और बचाव दल ने उनका प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र उत्तरकाशी के अनुसार सभी ट्रैकर स्वस्थ हैं और प्राथमिक उपचार के बाद अपने गंतव्यों के लिए सुरक्षित प्रस्थान कर चुके हैं।

कालिंदी पास में अभियान जारी

ऑडेन कोल में अभियान पूरा होने के बावजूद उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। कालिंदी पास क्षेत्र में भी हेलीकॉप्टर के जरिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। दुर्गम भूभाग, अधिक ऊंचाई और बर्फबारी के कारण इन क्षेत्रों में अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन और बचाव एजेंसियां परिस्थितियों पर लगातार नजर रख रही हैं।

ऑडेन कोल और कालिंदी पास उत्तरकाशी के कठिन उच्च हिमालयी ट्रैकिंग मार्गों में शामिल हैं। इस क्षेत्र में मौसम में अचानक बदलाव और बर्फबारी के कारण ट्रैकिंग तथा पर्वतारोहण दलों के सामने मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

बारिश से नुकसान पर भी मुख्यमंत्री ने मांगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों से पिछले दिनों हुई बारिश से प्रदेश में हुए नुकसान की भी जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित लोगों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही बारिश और भूस्खलन के कारण बंद सड़कों को शीघ्र खोलने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत युद्धस्तर पर करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में चल रहे बचाव अभियान की लगातार निगरानी करने और बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद ट्रैकरों, पर्वतारोहियों, पोर्टरों तथा पर्यटकों की सुरक्षित वापसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!