थराली की शगुन रावत का केंद्रीय विश्वविद्यालय में चयन
थराली, 28 सितंबर (हरेंद्र बिष्ट)। विकासखंड थराली के मालबज्वाड़ गांव की छात्रा शगुन रावत का द इंग्लिश एंड फॉरेन लैंग्वेजेज यूनिवर्सिटी (ईएफएलयू) के लखनऊ परिसर में प्रवेश के लिए चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।
मालबज्वाड़ निवासी सतेन्द्र सिंह रावत की पुत्री शगुन रावत ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर केंद्रीय विश्वविद्यालय ईएफएलयू में प्रवेश पाने में सफलता हासिल की है। शगुन ने हाईस्कूल की परीक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, पीपलकोटी से उत्तीर्ण की, जबकि इंटरमीडिएट की पढ़ाई विज्ञान वर्ग से देहरादून में पूरी की।
बताया गया है कि वर्ष 2026 की प्रवेश परीक्षा में सफल होकर ईएफएलयू के लखनऊ परिसर में प्रवेश पाने वाली शगुन उत्तराखंड की एकमात्र छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ ही मालबज्वाड़ गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
थराली के ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित, पूर्व विधायक डॉ. जीत राम, मालबज्वाड़ के पूर्व प्रधान आशू रावत, ग्राम प्रधान गंगा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य बबीता देवी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी थराली के अध्यक्ष विनोद रावत, नगर पंचायत थराली की अध्यक्ष सुनीता रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष संदीप रावत, जिला पंचायत सदस्य कला देवी, ज्येष्ठ प्रमुख नवनीत रावत, कनिष्ठ प्रमुख राजेश चौहान, मनोज चन्दोला और हेमन्त चन्दोला सहित क्षेत्र के अनेक लोगों ने शगुन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
