क्षेत्रीय समाचार

रामलाल की संदिग्ध मौत के खुलासे की मांग को लेकर यूकेडी का प्रदर्शन, नार्को टेस्ट की मांग

 

परिजनों और यूकेडी ने निकाली रैली, 40 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर जिला मुख्यालय में आंदोलन की चेतावनी 


थराली, 2 अक्टूबर (हरेंद्र बिष्ट)। नारायणबगड़ विकासखंड के कोठली गांव निवासी रामलाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला एक बार फिर गरमा गया है। मामले के खुलासे और जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को रामलाल के परिजनों ने उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के साथ थराली में रैली निकालकर तहसील कार्यालय में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और संदिग्धों का नार्को टेस्ट कराने की मांग की।
परिजनों के अनुसार, नौ फरवरी को रामलाल गांव के पास खेतों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। उनके सिर पर चोट के गंभीर निशान थे। उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और गांव के कई लोगों से पूछताछ की, लेकिन अभी तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मामले में ठोस कार्रवाई की मांग को लेकर यूकेडी कार्यकर्ताओं और रामलाल के परिजनों ने देवाल तिराहे से तहसील परिसर राणीबगड़ तक रैली निकाली। रैली एसबीआई मार्केट, मस्जिद मार्केट, मुख्य बाजार और केदारबगड़ होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची। प्रदर्शनकारी रामलाल की मौत का खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी करते रहे। तहसील परिसर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने धरना भी दिया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि घटना के करीब आठ महीने बाद भी मौत के कारणों और परिस्थितियों का पूरी तरह खुलासा नहीं हो पाया है। उन्होंने जांच के दायरे में आए संदिग्धों का नार्को टेस्ट कराने की मांग की।
थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने प्रदर्शनकारियों और परिजनों को बताया कि नार्को टेस्ट के संबंध में न्यायालय में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई है। न्यायालय के आदेश के बाद संबंधित दस्तावेज नार्को टेस्ट से संबंधित विभाग को भेजे जा चुके हैं और आगे की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन 40 दिनों के लिए स्थगित करने की घोषणा की। उन्होंने चेतावनी दी कि इस अवधि में मामले का खुलासा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
रामलाल के परिजनों ने थानाध्यक्ष को अलग से पत्र सौंपकर मामले से जुड़े संदिग्ध लोगों से परिवार की सुरक्षा को खतरा होने की आशंका जताई और पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
रैली और धरने में यूकेडी जिलाध्यक्ष जमन सिंह मनीषा, केंद्रीय सलाहकार समिति सदस्य भूपाल गुसाईं, जिला मंत्री पृथ्वी सिंह, जिला महामंत्री प्रकाश राम, मोहन राम आर्य, विक्रम मेहर, लक्ष्मण प्रसाद सती, जिला प्रवक्ता करन कठैत, पूजा शर्मा, सोनी बोरा और जिला कार्यकारी अध्यक्ष दर्शन सिंह शाह सहित रामलाल के परिजन एवं अन्य लोग शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!