क्षेत्रीय समाचार

रामपुर तिराहा के शहीदों को यूकेडी ने दी श्रद्धांजलि

 

थराली, 2 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने रामपुर तिराहा कांड की बरसी पर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया। देवाल तिराहे पर आयोजित कार्यक्रम में यूकेडी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शहीद आंदोलनकारियों के चित्रों पर माल्यार्पण किया।
शुक्रवार को आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में यूकेडी की केंद्रीय सलाहकार समिति के सदस्य भूपाल सिंह गुसाईं ने कहा कि अलग उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर चले आंदोलन में आंदोलनकारियों ने सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्हीं के संघर्ष और बलिदान के परिणामस्वरूप उत्तराखंड राज्य का निर्माण हुआ, इसलिए उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर 1994 को मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में हुई घटना उत्तराखंड राज्य आंदोलन के इतिहास का अत्यंत पीड़ादायक अध्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य बनने के बाद भी शहीद आंदोलनकारियों को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पाया और उनकी स्मृति को केवल वर्ष में एक दिन तक सीमित कर दिया गया है।
गुसाईं ने रामपुर तिराहा कांड में शहीद हुए आंदोलनकारियों रविंद्र सिंह रावत, सत्येंद्र चौहान, गिरीश भद्री (भंडारी), राजेश लखेड़ा, सूर्य प्रकाश थपलियाल, राजेश नेगी और अशोक कुमार को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड के निर्माण के लिए अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस की नीतियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि दोनों दल आंदोलनकारियों की अपेक्षाओं के अनुरूप राज्य बनाने में विफल रहे हैं।
कार्यक्रम में यूकेडी जिलाध्यक्ष जमन सिंह मनीषा, जिला मंत्री पृथ्वी सिंह, जिला महामंत्री प्रकाश राम, मोहन राम आर्या, विक्रम मेहर, लक्ष्मी प्रसाद सती, जिला प्रवक्ता करन कठैत, पूजा शर्मा, सोनी बोरा और दर्शन सिंह शाह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!