क्षेत्रीय समाचार

देवाल में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में अधिकारियों का जमावड़ा, पर जनता गायब

अधिकारियों का जमावड़ा, पर जनता गायब: निस्तारण न होने से बहुउद्देशीय शिविरों से जनता का मोहभंग

थराली/देवाल। (हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट)। सेवा संकल्प अभियान: सेवा मेरा योगदान‘ के तहत विकासखंड मुख्यालय देवाल में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में मात्र एक शिकायत दर्ज हुई। हैरानी की बात यह रही कि इस शिविर में 25 विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन जनप्रतिनिधियों और आम जनता की उपस्थिति नगण्य रही।

प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सेवा काल के उपलक्ष्य में देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतिम दिन चमोली जिले के देवाल ब्लॉक में इस शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि देवाल के ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने ब्लॉक सभागार में दीप प्रज्वलित कर और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर शिविर का उद्घाटन किया।

शिविर में केवल एक शिकायत आने पर चुटकी लेते हुए ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि ऐसा लग रहा है मानो देवाल ब्लॉक में सभी समस्याएं समाप्त हो गई हैं। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए जोर दिया कि विकास कार्यों को गति देने के लिए जनप्रतिनिधियों और सरकारी विभागों के बीच सामंजस्य होना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी और जल निगम कर्णप्रयाग के अधिशासी अभियंता अरुण प्रताप सिंह ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। वहीं, देवाल के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) जयदीप बेरवाण ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाना है, जिसके लिए ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

शिविर में बानुणी गांव निवासी कमला देवी की एकमात्र शिकायत प्राप्त हुई। उनका कहना था कि पिछले 30 सालों से उनका नाम परिवार रजिस्टर में दर्ज नहीं हो पाया है। इस पर बीडीओ ने ग्राम पंचायत अधिकारी सलीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सहायक समाज कल्याण अधिकारी राजेंद्र सिंह विमोली ने बताया कि कृत्रिम अंगों की आवश्यकता वाले दिव्यांगजनों के लिए 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक गौचर में शिविर लगाया जाएगा। उन्होंने लोगों से इसका लाभ उठाने के लिए ब्लॉक कार्यालय से संपर्क करने की अपील की।

शिविर में बाल कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष सुरेश कुनियाल, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी हर्षवर्धन भट्ट और लोनिवि थराली के सहायक अभियंता एमसी जोशी सहित अन्य अधिकारियों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कृषि, उद्यान, पशुपालन, शिक्षा, स्वास्थ्य, वन, ऊर्जा, डेयरी विकास, सैनिक कल्याण और ग्राम्य विकास समेत 25 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। शिविर के दौरान 9 आधार कार्ड भी बनाए गए।

शिविरों से जनता का मोहभंग ; बहुउद्देशीय शिविर में आम जनता और पंचायत प्रतिनिधियों की नगण्य भागीदारी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। जानकारों का मानना है कि लगातार शिविरों का आयोजन तो हो रहा है, लेकिन उनमें दर्ज समस्याओं और शिकायतों का धरातल पर निस्तारण न होने के कारण जनता का अब ऐसे शिविरों से मोहभंग होने लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!