तलवाड़ी राजकीय महाविद्यालय में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता संपन्न
थराली, 17 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। शुक्रवार को शुरू हुई इस प्रतियोगिता के पहले दिन आउटडोर (ओपन ग्राउंड) खेलकूद आयोजित किए गए, जबकि दूसरे दिन इंडोर गेम्स की प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। इंडोर गेम्स के तहत कैरम प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में आदित्य भंडारी, अभिषेक सिंह व राहुल तथा छात्रा वर्ग में किरन पिमोली, भावना पुरोहित व अनमोल ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। शतरंज (चेस) के छात्र वर्ग में मोहित, गौरव जोशी व अजय कुमार तथा छात्रा वर्ग में मणिकर्णिका, रेणुका व शिखा जोशी ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, टेबल टेनिस के छात्र वर्ग में दर्शन ने प्रथम और आदित्य भंडारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह के अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सेराज मोहम्मद ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं दीं और अन्य प्रतिभागियों को भविष्य में और कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने जाने वाले खिलाड़ियों से पूरी लगन और ईमानदारी के साथ प्रतिभाग करने की अपील की। इस अवसर पर क्रीड़ा प्रभारी रजनीश कुमार, मीडिया प्रभारी डॉ. ललित जोशी, डॉ. तनु मित्तल, डॉ. स्मिता तिवारी, डॉ. अनुराधा बिष्ट और डॉ. प्रतिभा आर्या आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता में निर्णायक और खेल वॉलंटियर की भूमिका डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. खेमकरण, मनोज कुमार, रजनी नेगी, सुधा राना, अनुज कुमार, डॉ. जमशेद अंसारी, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. कमलेश कुमार, हुकम सिंह, नीतीश कुमार, महीपाल सिंह, नरेंद्र फर्त्याल, कुशलानंद सती, थान सिंह, मनोज देवराड़ी, दीपा देवी और गुड्डू सिंह आदि ने निभाई।

