क्षेत्रीय समाचार

नारायणबगड़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर आंदोलन तेज, सातवें दिन निकाली रैली

 

थराली, 18 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। चमोली जिले के नारायणबगड़ विकासखंड में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को उच्चीकृत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बनाए जाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय जनता का आंदोलन तेज हो गया है। आंदोलन के सातवें दिन रविवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने नारायणबगड़ बाजार में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा और मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी।
नारायणबगड़ क्षेत्र के लोग पिछले एक सप्ताह से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण और क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। रविवार को आंदोलन के सातवें दिन विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने नारायणबगड़ मुख्यालय में रैली निकाली। बाजार के विभिन्न मार्गों से होती हुई रैली तहसील कार्यालय पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसील प्रशासन को सौंपा गया।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज नेगी और विपिन परिहार ने कहा कि नारायणबगड़ क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के कारण क्षेत्रवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार मांग उठाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से जनता को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर जब तक शासन की ओर से ठोस आश्वासन नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!