देवराड़ा नंदा देवी सिद्धपीठ में कालरात्रि की विशेष पूजा, रातभर जागरण
थराली, 18 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री नंदादेवी राजराजेश्वरी मंदिर देवराड़ा में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर कालरात्रि की विशेष पूजा-अर्चना की गई। शनिवार शाम से रविवार तड़के तक चले धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मध्यरात्रि में विशेष देवी ज्योति प्रज्ज्वलित कर मां भगवती के काली स्वरूप की आराधना की गई।
देवराड़ा स्थित नंदा देवी मंदिर में पिछले सात दिनों से देवी के विभिन्न स्वरूपों की विधिवत पूजा-अर्चना की जा रही है। कालरात्रि के विशेष अनुष्ठान के दौरान मध्यरात्रि में मां नंदा भगवती के पश्वा (देवी के अवतारी) पर देवी अवतरित होने की धार्मिक मान्यता के अनुसार विशेष पूजा संपन्न हुई। पश्वा ने पारंपरिक नृत्य करते हुए मंदिर परिसर में स्थापित देवी ज्योति प्रज्ज्वलित की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने ज्योति के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और मनौतियां मांगीं।

नंदा सिद्धपीठ कुरूड़ के गौड़ पुजारियों नरेश गौड़, मनशा राम गौड़, सुनील गौड़ और योगेश्वर गौड़ ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। शनिवार शाम शुरू हुआ पूजा कार्यक्रम रविवार तड़के लगभग तीन बजे तक चला। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अखंड जागरण कर देवी स्तुति और भजन-कीर्तन किए।
इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष भुवन हटवाल, संरक्षक विनोद रावत, उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह रावत, सचिव वीरेंद्र सिंह गुसाईं, पूर्व विधायक डॉ. जीत राम, रणजीत सिंह रावत, जगदीश पुरोहित, मनोज गुसाईं, केदार पंत, पुष्कर फर्स्वाण, प्रेम सिंह फर्स्वाण, अब्बल सिंह गुसाईं, मोहन प्रसाद देवराड़ी और व्यापार संघ अध्यक्ष संदीप रावत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

