क्षेत्रीय समाचारधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

थराली के थाला गांव में आयोजित रामलीला के आठवें दिन विभिन्न प्रसंगों का हुआ मंचन

 

 विधायक भूपाल राम टम्टा ने की मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए चार लाख रुपये देने की घोषणा

थराली, 20 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड थराली के थाला गांव में आयोजित रामलीला के आठवें दिन मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने ग्रामीणों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रामलीला जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन सामाजिक एकता, सद्भाव और क्षेत्र की खुशहाली को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विधायक ने थाला गांव के दो मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए चार लाख रुपये देने की घोषणा की।

विधायक टम्टा ने रामलीला मंच का रिबन काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। उन्होंने गांव में लंबे समय से रामलीला की परंपरा बनाए रखने के लिए ग्रामीणों और आयोजन समिति को बधाई दी। विधायक ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्श आचरण की प्रेरणा देता है। रामलीला के मंचन से समाज को नैतिक मूल्यों और सदाचार की शिक्षा मिलती है। उन्होंने लोगों से श्रीराम के आदर्शों का अनुसरण करते हुए क्षेत्र, प्रदेश और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधायक ने राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी से हरतोली तक सड़क निर्माण कराने, थाला गांव के दो मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए दो-दो लाख रुपये तथा थाला महिला मंगल दल को आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

रामलीला आयोजन समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने विधायक सहित अन्य अतिथियों का फूलमालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा थराली मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह नेगी, प्रकोष्ठ संयोजक हरीश जोशी, युवा मोर्चा महामंत्री लक्ष्मण रावत, कुलसारी के प्रकाश कौठियाल, थराली के विक्रम बिष्ट और हरेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रामलीला की आठवीं रात्रि में कलाकारों ने अंगद-रावण संवाद, श्रीराम-केवट संवाद, लक्ष्मण मूर्छा तथा हनुमान द्वारा संजीवनी बूटी लाने सहित विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया। कलाकारों के अभिनय को दर्शकों ने सराहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!