राजनीति

भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए रामशरण नौटियाल

प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल के पिता ने दिल्ली में ली कांग्रेस की सदस्यता : मूलतः कांग्रेसी ही थे नौटियाल, घर वापसी हुई

 

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर। उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र के वरिष्ठ राजनीतिक नेता एवं प्रसिद्ध पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने सोमवार को नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नौटियाल वर्ष 2022 में भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं।

इस अवसर पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य गुरदीप सप्पल और प्रदेश सह प्रभारी मनोज यादव उपस्थित रहे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नौटियाल का स्वागत करते हुए कहा कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए कांग्रेस संघर्ष कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नौटियाल के आने से संगठन को मजबूती मिलेगी।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्ध है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लगातार उठा रही है।

कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य गुरदीप सप्पल ने कहा कि नौटियाल के राजनीतिक और सामाजिक अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा। विशेष रूप से जौनसार-बावर क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों को विस्तार देने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

प्रदेश सह प्रभारी मनोज यादव ने उम्मीद जताई कि नौटियाल पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय योगदान देंगे। नौटियाल के कांग्रेस में प्रवेश को उत्तराखंड की राजनीति, विशेषकर जौनसार-बावर क्षेत्र में महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!