देवाल में 18.39 करोड़ की लागत से बनेगी बहुमंजिला पार्किंग
पार्किंग निर्माण की डीपीआर तैयार, वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति का इंतजार
-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 23 अक्टूबर। विकासखंड मुख्यालय देवाल में वाहनों की पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए करीब 18 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है। उत्तराखंड राज्य अवस्थापना विकास निगम (ब्रिडकुल) ने इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली है। शासन से वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
देवाल बाजार में लंबे समय से वाहनों की पार्किंग एक गंभीर समस्या बनी हुई है। व्यवस्थित पार्किंग सुविधा के अभाव में वाहन चालकों और स्थानीय व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बाजार में सड़क किनारे वाहन खड़े किए जाने से अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। क्षेत्रवासी लंबे समय से बाजार में पर्याप्त पार्किंग सुविधा विकसित करने की मांग करते आ रहे हैं।
जनता की इस मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवाल में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण को अपनी घोषणाओं में शामिल किया था। मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 187/2025 के अंतर्गत शासन ने ब्रिडकुल को देवाल बाजार के समीप बहुमंजिला पार्किंग निर्माण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे।
इसके अनुपालन में ब्रिडकुल के परियोजना प्रबंधक ने 18 करोड़ 39 लाख 58 हजार रुपये की लागत से प्रस्तावित पार्किंग की डीपीआर तैयार की है। चमोली के अपर जिलाधिकारी एवं जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के सचिव विवेक प्रकाश ने पिछले महीने इस डीपीआर को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति के लिए उत्तराखंड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण, देहरादून के संयुक्त मुख्य प्रशासक को भेज दिया है।
प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो सकेगा। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि बहुमंजिला पार्किंग बनने से देवाल बाजार में यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और वाहन खड़े करने की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।
स्वीकृति दिलाने के प्रयास जारी : विधायक टम्टा
थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने बताया कि देवाल में पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए उनके प्रयासों से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बहुमंजिला पार्किंग निर्माण की घोषणा की थी। इसके बाद शासन ने ब्रिडकुल को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि परियोजना की डीपीआर तैयार होकर शासन को भेजी जा चुकी है। अब इसे वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही स्वीकृति मिलने के बाद देवाल में बहुमंजिला पार्किंग के निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा।

