Front Page

गढ़वाल विश्वविद्यालय का 13वां दीक्षांत समारोह एक दिसंबर को, पंजीकरण शुरू

श्रीनगर (गढ़वाल), 23 अक्टूबर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय का 13वां दीक्षांत समारोह एक दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह में भाग लेने के इच्छुक पात्र विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 23 अक्टूबर से शुरू हो गई है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 नवंबर निर्धारित की गई है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में उत्तीर्ण विद्यार्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा ऐसे शोधार्थी भी समारोह में शामिल हो सकेंगे, जिन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान की जा चुकी है अथवा जिनकी मौखिक परीक्षा 20 नवंबर 2026 तक संपन्न हो जाएगी।

शैक्षणिक सत्र 2025-26 के सभी विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक विजेताओं को समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपाधि और स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। दीक्षांत समारोह में भाग लेने के लिए प्रति अभ्यर्थी 1,500 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल https://online.hnbgu.ac.in पर आवेदन कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि समारोह में व्यक्तिगत रूप से शामिल होने वाले सभी स्नातकोत्तर विद्यार्थियों और पीएचडी शोधार्थियों के लिए 30 नवंबर को आयोजित पूर्वाभ्यास में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। इसी दिन सुबह 10:30 बजे से चौरास परिसर स्थित कंप्यूटर विज्ञान विभाग में अभ्यर्थियों को दीक्षांत समारोह की निर्धारित पोशाक वितरित की जाएगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को आवेदन भरते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। आवेदन पत्र में नाम परीक्षा संबंधी अभिलेखों के अनुरूप अंग्रेजी के बड़े अक्षरों में दर्ज करना होगा। अन्य सभी जानकारियां भी सही और पूर्ण रूप से भरनी होंगी। अधूरे अथवा त्रुटिपूर्ण आवेदन पत्र निरस्त किए जा सकते हैं।

अधिसूचना के अनुसार, ऑनलाइन माध्यम से दीक्षांत समारोह में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की उपाधियां समारोह संपन्न होने के बाद डाक से भेजी जाएंगी। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को पंजीकरण, पूर्वाभ्यास और दीक्षांत समारोह से संबंधित नवीनतम सूचनाओं के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://www.hnbgu.ac.in नियमित रूप से देखने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!