Front Page

देहरादून में भीषण जाम से जनजीवन प्रभावित, माकपा ने मांगी 15 दिन में कार्ययोजना

 

देहरादून, 30 अक्टूबर। राजधानी देहरादून की लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था और प्रमुख सड़कों पर लग रहे भीषण जाम के विरोध में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में अपर सिटी मजिस्ट्रेट रविंद्र ज्वान्टा ने ज्ञापन प्राप्त किया।

पार्टी ने कहा कि पिछले लगभग 15 दिनों से राजपुर रोड, घंटाघर, गांधी रोड, सहारनपुर चौक, कांवली रोड, बिंदाल पुल, गोबिंदगढ़ तिराहा, बल्लीवाला चौक और चकराता रोड सहित प्रमुख मार्गों पर घंटों जाम लग रहा है। त्योहारों और विवाह समारोहों के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। इससे आम नागरिकों के साथ एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

माकपा ने आरोप लगाया कि यातायात विभाग का ध्यान सुचारू यातायात संचालन के बजाय चालान और राजस्व वसूली पर अधिक केंद्रित है। पार्टी के अनुसार वर्ष 2025-26 में परिवहन विभाग ने प्रदेश में 8.38 लाख से अधिक चालान कर 62.22 करोड़ रुपये वसूले। पार्टी ने कहा कि चालान और मार्ग परिवर्तन जाम का स्थायी समाधान नहीं हैं।

ज्ञापन में प्रमुख चौराहों का वैज्ञानिक प्रबंधन, यातायात संकेतकों के समय में सुधार, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई, सार्वजनिक परिवहन का विस्तार तथा बाजारों में व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने की मांग की गई। स्कूलों और कार्यालयों के समय में समन्वय तथा एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों के लिए निर्बाध मार्ग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

पार्टी सचिव अनंत आकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों को पहले भी ज्ञापन दिए गए, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने यातायात पुलिस की जवाबदेही निर्धारित करते हुए 15 दिनों के भीतर प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई करने और उसकी जानकारी पार्टी को उपलब्ध कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!